लद्देवाली से शनिवार को गुम हुआ रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल का 15 साल का बेटा अरमान पासी दिल्ली से मिल गया है। अरमान को ढूंढने के लिए सोशल मीडिया पर कैंपेन चल रहा था। जिसके बाद CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने DGP दिनकर गुप्ता को बच्चे की तलाश करने के आदेश दिए थे।
सोमवार सुबह CM ने सोशल मीडिया पोस्ट कर बताया कि अरमान दिल्ली से मिल गया है। रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल वनीत पासी ने भी सोशल मीडिया पर सूचना दी कि वह बेटे को लेने दिल्ली जा रहे हैं। फिलहाल अरमान दिल्ली कैसे पहुंचा? इसके बारे में उनके वापस लौटने के बाद ही पता चल सकेगा।
पिता ने मांगी थी मदद, सोशल मीडिया पर लोग करते रहे अपील
लद्देवाली रोड के नजदीक ग्रीन काउंटी में रहने वाले व LPU में डिप्टी सेक्रेटरी रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल वनीत पासी ने सोशल मीडिया के जरिए मदद मांगते हुए बताया कि शनिवार दोपहर 3:30 बजे अरमान अपनी हरे रंग की साइकिल पर घर से निकला था। जिसके बाद वह 8 बजे तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। अरमान का IQ लेवल थोड़ा कम है और कम सुनाई देने की वजह से दोनों कानों में मशीन लगी हुई है। हालांकि वह चीजों को समझता है और सवालों का जवाब देता है।
CM के आदेश के बाद हरकत में आई थी पुलिस
इस बारे में सोशल मीडिया पर कैंपेन चला तो CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने DGP को अरमान पासी को ट्रेस करने को कहा। जिसके बाद सभी पुलिस थानों में उसकी फोटो भेजकर ढूंढने को कहा गया। पुलिस ने उसकी लोकेशन भी चैक की तो आखिरी बार वह रामा मंडी इलाके में चौगिट्टी के पास नजर आया था। इसके बाद वह दिल्ली तक कैसे पहुंच गया? इसके बारे में जानने के लिए परिवार के वापस लौटने का इंतजार किया जा रहा है।